Saturday, March 9, 2013

मौसम

मौसम -
वसुंधरा की अलमारी में,
हैंगर से टांगा परिधान है मौसम।
अख़बार में,
भविष्यफल के कॉलम के पास छपा,
विज्ञान है मौसम। 
जब कहने को हो कुछ भी नहीं , 
बात करने का बहाना है मौसम।।

ग्रीष्म ऋतु -
स्कूल के तमाशे से,
एक ज़रूरी ब्रेक है ग्रीष्म।
चीफ़ गेस्ट सी,    
निर्धारित समय से सदा लेट आती,
रेल का इंतज़ार है ग्रीष्म।
नानी की झुर्रियों से लटक कर,
आँगन के पेड़ से आम तोड़ लाना है ग्रीष्म।
पंखे के हाफ़्ने, कूलर की खड़-खड़,
और ए.सी. की ख़ामोशी के बीच -
बिजली के बिल का बढ़ जाना है ग्रीष्म।
सूखे से, खेत में पड़ी दरारों को -
हाथ की लकीरों से मिटाने की ज़िद है ग्रीष्म।
दिहाड़ी के पसीने से,
सूरज की आग बुझाना है ग्रीष्म।
रात को ठंडी पुरवाई से,
पेट की आग बुझाना है ग्रीष्म।।  

वर्षा ऋतु -
कजरी की धुन और बूंदों की झंकार से, 
मन का हरा हो जाना है वर्षा।
गरम चाय से उठती भाप का 
बादल बनकर बरस जाना है वर्षा।
जवान नदी का, डैम की सत्ता को
चुनौती दे बहना है वर्षा।
छत से टपकती आफत, और 
गटर के पानी का किवाड़ से,
बिन बुलाए आ जाना है वर्षा।
बाढ़ से उपजे रिलीफ फण्ड का, 
गाँव तक पहुँचने से पहले सूख जाना है वर्षा।।

शरद ऋतु -
मौसमों में,
गुमशुदा की तलाश है शरद।
वीरान होती फिज़ा में ,
बुढ़ापे के आने का संकेत है शरद।
किताब में सहेज कर रखे,
पुराने पत्ते का यूँही गिर जाना है शरद।
ऋतुओं की राजसत्ता में, 
एक त्रिशंकु संसद है शरद।  

हेमंत ऋतु -
ऊन के धागों में उलझते-उलझते,
आपस में फिर बुन जाना है ठण्ड।
अलाव की आग को देर तक ,
गप्पों से जलाये रखना है ठण्ड।
आधी टांग की निक्कर पहने
छोटे बच्चों का, 
शिक्षा प्रणाली में आहूति बनने की सजा है ठण्ड। 
स्वेटर पहने पालतू कुत्ते का, सोसाइटी में  
आपको सैर करवाना है ठण्ड। 
रात, बंद झुग्गी में-
स्टोव के धुएँ से मरकर, 
सरकारी आँकड़ा बन जाना है ठण्ड।

शिशिर ऋतु -
फसल की कटाई पर,
पतंग बन उड़ जाना है शिशिर।
कुम्भ में डुबकी लगाकर,
गुनगुनी छत पर फ़ैल जाना है शिशिर।
पलाश के फुलों से रंग चुराकर ,
भाभी के गाल पर मल जाना है शिशिर।
फटी चादर और कंबल को
लोहे के बक्से में, 
ताला लगाकर संभाले रखना है शिशिर।

वसंत ऋतु -
पूजा में बैठे किसी पंडित जैसे  
धरती का पियरी ओढ़ लेना है वसंत।  
हर कहीं एक राजा ढूँढ लेने की
सनक का नतीजा है वसंत।
नयी किताबों की खुशबू से, 
बस्तों का महक जाना है वसंत।
मौसम के ऐसे काल चक्र से,
एक साल और 
जिंदा बच कर निकल जाना है, वसंत।

------------------------------------------------
ऋतुओ के नाम हिंदी एवं अंग्रेजी में
ऋतुहिन्दू मासग्रेगरियन मासPhonetic
ग्रीष्म (Summer)ज्येष्ठ से आषाढमई से जूनGreesm
वर्षा (Rainy)श्रावन से भाद्रपदजुलाई से सितम्बरVarsha
शरद् (Autumn)आश्विन से कार्तिकअक्टूबर से नवम्बरSharad
हेमन्त ( pre-winter)मार्गशीर्ष से पौषदिसम्बर से 15 जनवरीHemant
शिशिर (Winter)माघ से फाल्गुन16 जनवरी से फरवरीShishir
वसन्त (Spring)चैत्र से वैशाखमार्च से अप्रैलVasant

[ http://hindiuk.blogspot.com/2012/09/name-of-season-in-hindi-english.html ]

No comments:

Post a Comment